कवर्धा न्यूज़- समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश : मुख्य अभियंता ने जिले में सड़क निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Fri, Apr 3, 2026 / Post views : 90
मुख्य अभियंता ने जिले में सड़क निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
निर्धारित मानकों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
कवर्धा, 3 अप्रैल 2026। जिले में सड़क निर्माण और संधारण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण रायपुर के मुख्य अभियंता एवं राज्य गुणवत्ता समीक्षक श्री हरिओम शर्मा ने कवर्धा जिले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित विभिन्न मार्गों पर चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई।
मुख्य अभियंता ने घुघरी-कोटार, घुघरीकला-पिपरिया, मेनरोड से पालीगुड़ा तथा टी-01 रामपुर एमडीआर से कोहडिया मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों के संधारण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए और उपस्थित सहायक एवं उप अभियंताओं को कार्य में तेजी लाने के लिए सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना अंतर्गत पालीगुड़ा में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया गया। यहां कोर कटिंग सैंपल लेकर गुणवत्ता परीक्षण किया गया। साथ ही निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड निर्धारित मानकों के अनुरूप लगाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य अभियंता ने नवापारा डांगपुर से मोहगट्टा सड़क का निरीक्षण करते हुए सड़क की खुदाई कर गुणवत्ता की जांच की, जिसमें कार्य संतोषजनक पाया गया। कुछ स्थानों पर संधारण कार्य में देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता ने निर्देशित किया कि जिन सड़कों का संधारण निर्धारित समय में नहीं होगा, उनकी अवधि छह माह तक बढ़ाई जाएगी, लेकिन गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को प्रगतिरत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कार्यपालन अभियंता सुरेन्द्र पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन